Filthy Water from PDD Upadhyaya Junction's Deluxe Toilet Has Now Reached the Ancient Kali Temple.

पीडीडीयू जंक्शन के डीलक्स शौचालय का गंदा पानी अब प्राचीन काली मंदिर तक पहुँचा

उत्तर प्रदेश

| The News Times | चन्दौली : पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया में स्थित डीलक्स शौचालय प्रशासन की लापरवाही का जीता-जागता उदाहरण बन गया है। इस शौचालय से निकलने वाला मलयुक्त गंदा पानी अब नगर के प्राचीन काली माता मंदिर के आसपास भारी मात्रा में पसर गया है, जिससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचने के साथ-साथ जनस्वास्थ्य पर भी बड़ा खतरा मंडरा रहा है।

IMG-20250224-WA0008
previous arrow
next arrow
Shadow

श्रद्धालुओं और राहगीरों का जीना मुहाल :
आलम यह है कि मंदिर दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को इसी मलयुक्त गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। पवित्र स्थान के आसपास फैली इस गंदगी से भक्तों में भारी रोष है। राहगीरों का भी इस रास्ते से निकलना दूभर हो गया है, क्योंकि चारों तरफ तीखी दुर्गंध और सीवेज का पानी फैला हुआ है।

प्रशासन की चेतावनी का नहीं हुआ असर :
हैरानी की बात यह है कि कुछ दिनों पहले ही नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी राजीव मोहन सक्सेना ने डीलक्स शौचालय प्रबंधन को सख्त चेतावनी दी थी। इसके बावजूद प्रबंधन के ‘कान पर जूं तक नहीं रेंग रही’ और स्थिति जस की तस बनी हुई है। न तो रेल प्रशासन और न ही नगर पालिका प्रशासन इस समस्या का कोई स्थाई समाधान निकाल पा रहे हैं।

बीमारी का बढ़ता खतरा :
सड़क पर फैले इस मलयुक्त पानी से संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा हर पल बना रहता है। भीषण गर्मी के इस मौसम में खुले में बह रहा सीवेज महामारी को दावत दे सकता है। स्थानीय नागरिकों का सवाल है कि जो जिला प्रशासन नगर को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए बड़े-बड़े अभियान चला रहा है, वह आखिर लोगों को इस नारकीय स्थिति से निजात कब दिलाएगा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *