| The News Times | चंदौली : उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में पुलिस विभाग के भीतर लापरवाही और उदासीनता बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ गाज गिरी है। चोरी और नकबजनी की वारदातों का खुलासा किए बिना ही अंतिम रिपोर्ट (Final Report) दाखिल करने और विवेचना में गंभीर लापरवाही बरतने के मामले में पुलिस अधीक्षक (SP) आकाश पटेल ने कड़ी कार्रवाई की है। एसपी ने तीन अलग-अलग थानों में तैनात तीन उपनिरीक्षकों (Sub-Inspectors) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, जिससे पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
इन मामलों में हुई कार्रवाई :
- सकलडीहा थाना क्षेत्र :
सकलडीहा थाने में तैनात उपनिरीक्षक दिनेश राम पर दो अलग-अलग मुकदमों (मुकदमा संख्या 87/2025 और 113/2025) की विवेचना में भारी लापरवाही बरतने का आरोप है। उन्होंने बिना किसी खुलासे, चोरी गए माल या आरोपियों की बरामदगी के ही फाइनल रिपोर्ट प्रेषित कर दी थी। उच्चाधिकारियों और क्षेत्राधिकारी द्वारा बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद कोई ठोस प्रयास न करने पर क्षेत्राधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर उन्हें निलंबित कर दिया गया। - मुगलसराय थाना क्षेत्र :
मुगलसराय थाने के उपनिरीक्षक रामकेर यादव पर अपने बीट क्षेत्र में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण न रखने और चोरी व नकबजनी जैसे गंभीर मामलों की विवेचना में रुचि न लेने का आरोप है। उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना सामने आने पर क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर की रिपोर्ट के आधार पर उन पर यह सख्त कार्रवाई की गई है। - चंदौली थाना क्षेत्र :
चंदौली थाने के हल्का/बीट संख्या एक में तैनात उपनिरीक्षक केशव प्रसाद सिंह को भी उनके क्षेत्र में लगातार बढ़ रही नकबजनी की घटनाओं पर रोक लगाने में विफल रहने के कारण निलंबित किया गया है।
पुलिस अधीक्षक की दो टूक चेतावनी :
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था और जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ तथा कर्तव्यों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस कठोर प्रशासनिक कार्रवाई से मातहत पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया है।

यह वेबसाइट (The News Times) “Umesh Kumar” द्वारा स्थापित की गई है, एक प्रमुख समाचार रिपोर्टर, अपने दृढ़ संवादों और राजनीतिक विवेचनाओं के लिए पहचाना जाता हूँ। वर्ष 2011 से पत्रकारिता करियर में हमने अनेक महत्वपूर्ण समाचार संस्थानों (प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं वेब मीडिया) में कवरेज किया है, जो समाज के अहम मुद्दों पर रोशनी डालती हैं। देश, विदेश, अपराध और राजनीति की खबरों में रुचि रखता हूँ। डिजिटल पत्रकारिता की सर विधा को सीखने की लगन है। आगे भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करता रहूँ, इसके लिए आपके स्नेह के लिए आभारी हूँ।”




