| The News Times | गया : बिहार के गया रेल पुलिस और विशेष जांच दल (SIT) ने चंबल एक्सप्रेस ट्रेन में हुई एक बड़ी लूट और छिनतई की घटना का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस सनसनीखेज मामले में तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लूट/छिनतई किया गया 612.74 ग्राम सोना और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
क्या था पूरा मामला?
बरेली (उत्तर प्रदेश) के श्यामगंज निवासी व्यवसायी संजय कुमार खंडेलवाल ने रेल थाना भभुआ रोड में मामला दर्ज कराया था। उनके लिखित आवेदन के अनुसार, उनका कर्मचारी संजीव चौहान (निवासी-सर्दार्नगर, ओवाला, बरेली) फर्म (संकल्प गोल्ड प्रा.लि., शिवाजी पार्क, बरेली) से 2 किलो 6 ग्राम सोना (कीमत करीब 2,92,87,600 रुपये) लेकर कोलकाता गया था।
कोलकाता से काम पूरा करने के बाद वह चंबल एक्सप्रेस ट्रेन से वापस बरेली लौट रहा था। आरोप है कि जब ट्रेन भभुआ रोड रेलवे स्टेशन के पास पहुँची, तो दो अज्ञात बदमाशों ने खुद को अधिकारी बताकर कर्मचारी संजीव चौहान को धमकाया। बदमाश उससे 2 किलो 6 ग्राम सोना और मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए और जेल भेजने की धमकी दी। इस संबंध में रेल थाना भभुआ में कांड संख्या-31/26, दिनांक 24.10.2026 को BNS की विभिन्न धाराओं (305(1), 303(2), 318(4), 3(5)) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
SIT और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई :
घटना के त्वरित उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक, रेलवे (पटना) द्वारा एक विशेष एसआईटी (SIT) का गठन किया गया था। जांच के दौरान जीआरपी, आरपीएफ (भभुआ व सीडीयू) और बरेली पुलिस के सहयोग से तकनीकी सर्विलांस और मानवीय इनपुट का इस्तेमाल किया गया।
पुलिस ने इस घटना में संलिप्त तीन आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की:
- रोहित कुमार (उम्र-23 वर्ष, निवासी-नवादा शेखान, गुलाब बाबारी रोड, ओल्ड सीटी बरेली, थाना-बारादरी, जिला-बरेली, उ.प्र.)
- सचिन गंगवार (उम्र-25 वर्ष, निवासी-नगरीया तिलहर, थाना-कटरा, जिला-शाहजहांपुर, उ.प्र.) — यह वादी की फर्म में ही 15,000 रुपये की नौकरी करता था।
- वरुण कुमार (मकान बनाने का ठेकेदार, उम्र-29 वर्ष, निवासी-खुर्रमपुर, थाना व जिला-कासगंज, उ.प्र.)।
बरामदगी और आगे की कार्रवाई :
पुलिस ने आरोपी वरुण कुमार के घर से 612.74 ग्राम सोना और सभी आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। रेल पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और बाकी सोना व अन्य संलिप्त लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

यह वेबसाइट (The News Times) “Umesh Kumar” द्वारा स्थापित की गई है, एक प्रमुख समाचार रिपोर्टर, अपने दृढ़ संवादों और राजनीतिक विवेचनाओं के लिए पहचाना जाता हूँ। वर्ष 2011 से पत्रकारिता करियर में हमने अनेक महत्वपूर्ण समाचार संस्थानों (प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं वेब मीडिया) में कवरेज किया है, जो समाज के अहम मुद्दों पर रोशनी डालती हैं। देश, विदेश, अपराध और राजनीति की खबरों में रुचि रखता हूँ। डिजिटल पत्रकारिता की सर विधा को सीखने की लगन है। आगे भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करता रहूँ, इसके लिए आपके स्नेह के लिए आभारी हूँ।”




