Caution! They Swindled Money Using a Gamcha: Police Nab Cunning Con Artists from Chandauli and Mirzapur; Auto-Rickshaw and Cash Recovered.

सावधान! गमछा डालकर उड़ाते थे पैसे: चंदौली और मिर्जापुर के शातिर टप्पेबाजों को पुलिस ने दबोचा, ऑटो और नगदी बरामद

राष्ट्रीय

| The News Times | मुगलसराय : जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुगलसराय कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने अंतरजनपदीय टप्पेबाज और चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को दबोचा है। ये अपराधी ऑटो में सीधे-साधे यात्रियों को बैठाकर उनका ध्यान भटकाते थे और पलक झपकते ही उनकी गाढ़ी कमाई पर हाथ साफ कर देते थे।

IMG-20250224-WA0008
previous arrow
next arrow
Shadow

बातचीत में उलझाकर उड़ाए थे ₹2500 :
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि ताराजीवनपुर (थाना अलीनगर) के रहने वाले प्रदीप कुमार गोड़ ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 20 मई को दोपहर में वह अपने घर जाने के लिए एक ऑटो में सवार हुए थे। उसी दौरान ऑटो में पहले से मौजूद तीन युवकों ने उन्हें अपनी बातों में उलझा लिया और चुपके से उनकी जेब से ₹2500 पार कर दिए। वारदात के बाद आरोपी उन्हें चकिया तिराहे के पास उतारकर रफूचक्कर हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तुरंत मुकदमा संख्या 248/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।

सुभाष पार्क के पास से घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी :
21 मई को मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर मुगलसराय पुलिस टीम ने सुभाष पार्क के पास पानी की टंकी के सामने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान घटना में इस्तेमाल किए गए ऑटो सहित तीनों आरोपियों को घेराबंदी करके गिरफ्तार कर लिया गया। मौके पर पहुँचे पीड़ित प्रदीप कुमार ने तीनों बदमाशों और ऑटो की पहचान की।

पकड़े गए अभियुक्तों का विवरण :

  1. राजू (33 वर्ष) – निवासी भुईली खास, थाना अदलहाट, जनपद मिर्जापुर।
  2. साजन (19 वर्ष) – निवासी भुईली खास, थाना अदलहाट, जनपद मिर्जापुर।
  3. मुकुल कुमार (21 वर्ष) – निवासी सौगाई, थाना सैयदराजा, जनपद चंदौली।

कंधे पर गमछा डालकर देते थे वारदात को अंजाम :
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल किया है। उन्होंने बताया कि वे गैंग बनाकर घूमते थे और ऑटो में सवारी को आगे बैठा लेते थे। इसके बाद कंधे पर गमछा डालकर हाथ की सफाई दिखाते हुए जेब काट लेते थे। पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल ऑटो रिक्शा (संख्या: UP-65QT-7269) और चोरी की गई रकम में से ₹2,000 नगद बरामद किए हैं।

सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम :
इस गिरोह को सलाखों के पीछे पहुँचाने में मुगलसराय थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, रेलवे चौकी प्रभारी उप-निरीक्षक शिव पूजन बिन्द, हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र कुमार और हेड कांस्टेबल अभिषेक दूबे की मुख्य और सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *