- आरपीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, ₹54,000 की शराब बरामद
- यूपी से कौड़ियों के भाव खरीदकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने की थी योजना
| The News Times | चन्दौली : उत्तर प्रदेश से बिहार में होने वाली अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चंदौली पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के तहत मुगलसराय कोतवाली पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने रेलवे डाउन रिसीविंग यार्ड के पास से दो शातिर शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्तों के कब्जे से कुल 19.35 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 54 हजार रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को मुगलसराय पुलिस और आरपीएफ की टीम संयुक्त रूप से रिसीविंग यार्ड से जीटीआर पुल की ओर गश्त व संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान जीटीआर पुल के नीचे रेलवे किलोमीटर संख्या 673/86 के पास दो युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिए। घेराबंदी कर जब दोनों को पकड़ा गया, तो उनके पास से भारी मात्रा में नामी ब्रांड्स की अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान रवि कुमार साव (निवासी छोटी खगौल, दानापुर, पटना) और पंकज कुमार मिश्रा (निवासी कर्मपुरा, गोपालपुर, पटना) के रूप में हुई है। जामा तलाशी में इनके पास से 8PM के 70 टेट्रा पैक, आफ्टर डार्क ब्लू के 20 पीस और रॉयल स्टैग की 7 बोतलें बरामद हुईं। इसके अलावा पुलिस ने दो मोबाइल फोन और ₹800 नगद भी जब्त किए हैं।
बिहार में शराबबंदी का उठा रहे थे फायदा :
पूछताछ में तस्करों ने कुबूल किया कि वे उत्तर प्रदेश की विभिन्न दुकानों से शराब खरीदकर, बिहार में लागू शराबबंदी का फायदा उठाते थे। वे ट्रेनों के माध्यम से इस शराब को पटना ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे, जिससे उन्हें मोटा मुनाफा होता था। शनिवार को भी वे खेप लेकर बिहार जाने की फिराक में स्टेशन की तरफ बढ़ रहे थे, तभी धरे गए।
मुगलसराय थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अभियुक्त पंकज कुमार मिश्रा का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पटना के गोपालपुर थाने में शराब तस्करी का मामला दर्ज है।
सराहनीय कार्य करने वाली टीम :
इस सफल कार्रवाई में मुगलसराय थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक सतीश प्रकाश, उपनिरीक्षक मो. अरशद, आरपीएफ यार्ड पोस्ट प्रभारी पंकज कुमार प्रसाद, उपनिरीक्षक अजय प्रसाद व अन्य हमराही शामिल रहे।

यह वेबसाइट (The News Times) “Umesh Kumar” द्वारा स्थापित की गई है, एक प्रमुख समाचार रिपोर्टर, अपने दृढ़ संवादों और राजनीतिक विवेचनाओं के लिए पहचाना जाता हूँ। वर्ष 2011 से पत्रकारिता करियर में हमने अनेक महत्वपूर्ण समाचार संस्थानों (प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं वेब मीडिया) में कवरेज किया है, जो समाज के अहम मुद्दों पर रोशनी डालती हैं। देश, विदेश, अपराध और राजनीति की खबरों में रुचि रखता हूँ। डिजिटल पत्रकारिता की सर विधा को सीखने की लगन है। आगे भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करता रहूँ, इसके लिए आपके स्नेह के लिए आभारी हूँ।”




