Chandauli: Four smugglers from an interstate gang arrested in Alinagar with cannabis worth ₹22.50 lakh.

चन्दौली : अलीनगर में 22.50 लाख के गांजे के साथ अन्तर्राज्यीय गिरोह के 4 तस्कर गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश
  • ओडिशा से दिल्ली-राजस्थान जा रही थी खेप, अलीनगर पुलिस ने क्रेटा कार और डीसीएम ट्रक से बरामद किया 90 किलो गांजा

| The News Times | चन्दौली : जनपद की अलीनगर थाना पुलिस ने रविवार को मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े अन्तर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस टीम ने पचपेड़वा अंडरपास (रेवसा) के पास घेराबंदी करके एक लग्जरी क्रेटा कार और डीसीएम मिनी ट्रक से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद किए गए 90 किलोग्राम गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 22.50 लाख रुपये बताई जा रही है। मौके से पुलिस ने चार शातिर तस्करों को भी दबोचा है, जो अलग-अलग राज्यों के रहने वाले हैं।

IMG-20250224-WA0008
previous arrow
next arrow
Shadow

मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी :

पुलिस के अनुसार, अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजे की एक बड़ी खेप डीसीएम ट्रक में लादकर लाई जा रही है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए ट्रक के आगे एक क्रेटा कार को ‘पायलटिंग’ (रास्ता साफ देखने और बताने) के लिए लगा रखा था, जो वाराणसी की तरफ बढ़ रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रिंग रोड पर पचपेड़वा अंडरपास के पास घेराबंदी कर दी। चेकिंग के दौरान जब संदिग्ध क्रेटा कार (OD 33 N 6600) और डीसीएम ट्रक (HR 57 A 8858) को रुकने का इशारा किया गया, तो तस्करों ने वाहन भगाने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोक लिया।

चैंबर और पॉलिथीन के नीचे छिपाया था गांजा :

जब पुलिस ने पकड़े गए वाहनों की सघन तलाशी ली, तो क्रेटा कार की डिग्गी से 22 बंडल (22 किलो) और डीसीएम ट्रक के पिछले हिस्से में नीली पॉलिथीन के नीचे छिपाकर रखे गए 68 बंडल (68 किलो) उच्च गुणवत्ता का अवैध गांजा बरामद हुआ।

दिल्ली, राजस्थान और बिहार के हैं तस्कर :

पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान काशीराम (हनुमानगढ़, राजस्थान), मनोज कुमार (अरवल, बिहार), ज्ञानेन्द्र कुमार (रोहिणी, दिल्ली) और सुशान्त कुमार दिग्गल (कन्धमाल, ओडिशा) के रूप में हुई है। पूछताछ में तस्करों ने कुबूल किया कि वे ओडिशा से कम दामों में गांजा खरीदकर राजस्थान और दिल्ली की मंडियों में ऊंचे दामों पर बेचने जा रहे थे।

पुलिस टीम को सराहना :

इस बड़ी कामयाबी को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, निरीक्षक शरद गुप्ता, चौकी प्रभारी भूपौली अमित कुमार सिंह, उपनिरीक्षक आशुतोष कुमार गुप्ता सहित कांस्टेबल अभिषेक दूबे, प्रवेश सिंह, अली अहमद, अमित यादव और विपीन गुप्ता शामिल रहे। अलीनगर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 0439/2026 के तहत एनडीपीएस (NDPS) एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। पुलिस अब इनके पूरे नेटवर्क और आपराधिक इतिहास को खंगालने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *