| The News Times | चन्दौली : उत्तर प्रदेश के चन्दौली जिले के सैयदराजा इलाके में कड़ाके की ठंड थी। पूरा परिवार खाना-पीना खाकर सो रहा था। घर की महिलाएं अंदर थीं, जबकि वादी और उनके दो बेटे मोनू (15 वर्ष) और करन बाहर लेटे हुए थे। आधी रात को अचानक घर के पास कुछ खटपट की आवाज हुई।
आवाज सुनकर जब पिता और बेटों की आंख खुली, तो उन्होंने देखा कि 4-5 अज्ञात लोग अंधेरे में संदिग्ध हरकतें कर रहे थे। जैसे ही उन्होंने टोकते हुए बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की, बदमाशों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। खुद को घिरता देख बदमाशों में से एक चिल्लाया—”सालों को गोली मार दो!” और तभी एक अपराधी ने 15 साल के मासूम मोनू के सीने में सीधे गोली दाग दी। गोली चलते ही चारों तरफ चीख-पुकार मच गई और आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। अस्पताल ले जाते-जाते मोनू ने दम तोड़ दिया।
साजिश का खुलासा :
पुलिस की जांच और गिरफ्तार आरोपी मंगरू मुसहर की पूछताछ में सामने आया कि यह कोई आम चोरी नहीं थी। स्थानीय नागेश्वर उर्फ रिंकू नाम का व्यक्ति बिहार के इन मुसहर गैंग के चोरों को अपने यहाँ बुलाता था, उन्हें खाना-पीना खिलाता और चोरी की प्लानिंग करता था। घटना वाली रात भी उन्होंने नागेश्वर द्वारा दी गई सीढ़ी के सहारे दो घरों में चोरी की थी। जब आखिरी घर में मकान मालिक जाग गए और उन्होंने ‘निहोर मुसहर’ को दबोच लिया, तो खुद को बचाने के लिए निहोर ने पास रखे तमंचे से मोनू को गोली मार दी थी।
सलाखों के पीछे पहुंचा इनामी :
घटना के बाद से ही ₹50,000 का इनामी मंगरु मुसहर फरार चल रहा था। चन्दौली के पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, साइबर सेल के उपनिरीक्षक अभिषेक शुक्ला और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने जाल बिछाया। आखिरकार 2 जुलाई 2026 को टीम ने बिहार के कैमूर जिले में दबिश देकर मंगरु को उसके घर से दबोच लिया और मासूम मोनू के परिवार को इंसाफ की ओर एक कदम और आगे बढ़ाया।

यह वेबसाइट (The News Times) “Umesh Kumar” द्वारा स्थापित की गई है, एक प्रमुख समाचार रिपोर्टर, अपने दृढ़ संवादों और राजनीतिक विवेचनाओं के लिए पहचाना जाता हूँ। वर्ष 2011 से पत्रकारिता करियर में हमने अनेक महत्वपूर्ण समाचार संस्थानों (प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं वेब मीडिया) में कवरेज किया है, जो समाज के अहम मुद्दों पर रोशनी डालती हैं। देश, विदेश, अपराध और राजनीति की खबरों में रुचि रखता हूँ। डिजिटल पत्रकारिता की सर विधा को सीखने की लगन है। आगे भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करता रहूँ, इसके लिए आपके स्नेह के लिए आभारी हूँ।”




