Mughalsarai: Massive theft worth ₹50 lakh after breaking into a locked house.

मुगलसराय : बंद मकान का ताला तोड़ 50 लाख की भीषण चोरी

राष्ट्रीय
  • दुलहीपुर के सतपोखरी में सेवानिवृत्त कर्मचारी के घर को चोरों ने बनाया निशाना, बेटे का जन्मदिन मनाने लखनऊ गया था परिवार

| The News Times | चन्दौली : कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत दुलहीपुर स्थित सतपोखरी की मनोहर नगर कॉलोनी में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर अंदर रखी अलमारियों से 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी सोमवार सुबह तब हुई जब नौकरानी काम करने पहुंची। सूचना मिलते ही यूपी-112 और स्थानीय पुलिस के साथ ही उच्चाधिकारी मौके पर पहुंच गए और मामले की छानबीन में जुट गए हैं।

IMG-20250224-WA0008
previous arrow
next arrow
Shadow

जन्मदिन मनाने लखनऊ गया था परिवार :
जानकारी के अनुसार, मनोहर नगर कॉलोनी निवासी असदुल्लाह फरीदी (65 वर्ष), जो एक सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं, अपने परिवार के साथ बेटे का जन्मदिन मनाने के लिए लखनऊ गए हुए थे। घर पर ताला बंद था और कोई मौजूद नहीं था। इसी सूनेपन का फायदा उठाकर देर रात अज्ञात चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर मकान के भीतर दाखिल हो गए। इसके बाद चोरों ने अंदर के एक कमरे का भी ताला चटकाया और अलमारियों को खंगालकर उसमें रखे भारी मात्रा में सोने-चांदी के पुश्तैनी जेवरात और अन्य कीमती सामान समेटकर रफूचक्कर हो गए। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक है।

सुबह नौकरानी के आने पर खुला राज :
सोमवार की सुबह जब घर में काम करने वाली नौकरानी लक्ष्मीना (40 वर्ष) हमेशा की तरह मकान पर पहुंची, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देख उसके होश उड़ गए। उसने अनहोनी की आशंका में जब अंदर जाकर देखा तो कमरों का सारा सामान बिखरा पड़ा था और तिजोरियां व अलमारियां खुली थीं। उसने तत्काल शोर मचाते हुए पड़ोसियों और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तुरंत लखनऊ में मौजूद गृहस्वामी को घटना से अवगत कराया। सूचना मिलते ही बदहवास परिवार लखनऊ से वापस लौटा और पुलिस की मौजूदगी में घर के अंदर का निरीक्षण किया, जिसके बाद इतनी बड़ी चोरी की पुष्टि हुई।

सीसीटीवी कैमरा न होना चोरों के लिए बना मददगार :
जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि भुक्तभोगी के मकान में कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था, जिससे शातिर चोरों को बिना किसी डर के वारदात को अंजाम देने में आसानी हुई। हालांकि, पुलिस अब आसपास के क्षेत्रों और मुख्य रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का कोई सुराग हाथ लग सके। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

तहरीर के आधार पर जांच शुरू :
इस संबंध में सीओ पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित के तरफ से चोरी की तहरीर प्राप्त हो गई है। जिसमे मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्यवाई की जा रही है। पुलिस की कई टीमें गठित कर अज्ञात चोरों की तलाश की जा रही है, जल्द ही घटना का अनावरण किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *