IRCTC Initiative: 'Bharat Gaurav' special train to depart from Raxaul on September 1.

IRCTC की पहल: रक्सौल से 1 सितंबर को रवाना होगी ‘भारत गौरव’ स्पेशल ट्रेन

राष्ट्रीय
  • 8 रात और 9 दिनों में श्रद्धालु कर सकेंगे प्रमुख ज्योतिर्लिंगों व शिरडी के दर्शन

| TheNewsTimes | पीडीडीयू नगर : भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम लिमिटेड (IRCTC) ने धार्मिक व सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक नई पहल की है। भारत सरकार के ‘देखो अपना देश’ और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ अभियान के तहत ‘ज्योतिर्लिंग दर्शन एवं श्री साईं दर्शन यात्रा’ (पैकेज कोड EZBG32) का संचालन किया जा रहा है। यह विशेष पर्यटक ट्रेन 01 सितंबर 2026 को बिहार के रक्सौल से अपनी यात्रा शुरू करेगी।

IMG-20250224-WA0008
previous arrow
next arrow
Shadow

8 रात और 9 दिनों की यह यात्रा श्रद्धालुओं को देश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराएगी। इस दौरान श्रद्धालुओं को महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, त्र्यंबकेश्वर और घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग के साथ-साथ प्रसिद्ध धार्मिक स्थल शिरडी व एलोरा की गुफाओं के दर्शन का अवसर मिलेगा।

कई प्रमुख स्टेशनों पर होगा बोर्डिंग-डीबोर्डिंग का विकल्प :
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ट्रेन में विभिन्न स्टेशनों पर चढ़ने और उतरने की व्यवस्था की गई है। यात्री रक्सौल, सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, दिलदारनगर, पं. दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) और प्रयागराज छिवकी स्टेशनों से इस ट्रेन में सवार हो सकते हैं।

सर्वसमावेशी पैकेज और किराए की श्रेणियां :
IRCTC का यह टूर पैकेज पूरी तरह सर्वसमावेशी (All-Inclusive) है। इसमें रेल यात्रा के साथ ठहरने, शाकाहारी भोजन, स्थानीय भ्रमण, यात्रा बीमा और सुरक्षा जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

  • इकॉनमी क्लास (स्लीपर) : ₹ 18,160/- प्रति व्यक्ति (नॉन-एसी होटल व बस सुविधा)
  • स्टैंडर्ड क्लास (3 AC) : ₹ 32,550/- प्रति व्यक्ति (एसी होटल व बस सुविधा)
  • कम्फर्ट क्लास (2 AC) : ₹ 39,425/- प्रति व्यक्ति (एसी होटल व बस सुविधा)

बुकिंग प्रक्रिया और छूट :
यात्रा के लिए समूह छूट (Group Discount) का प्रावधान भी रखा गया है। इच्छुक यात्री IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट [www.irctctourism.com](https://www.irctctourism.com) पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। इसके अलावा बिस्कोमान टॉवर (चौथी मंजिल, पश्चिम गांधी मैदान, पटना) स्थित IRCTC क्षेत्रीय कार्यालय या हेल्पलाइन नंबर +91 8595937731/32 पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *