- लकड़ी के बुरादे की बोरियों के नीचे छिपाकर हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही थी शराब
- स्वाट, सर्विलांस और सैयदराजा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, ट्रक और आईफोन बरामद
| The News Times | चन्दौली : जनपद में अपराधियों और शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदौली पुलिस को एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। स्वाट/सर्विलांस टीम और थाना सैयदराजा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक अन्तर्राज्यीय शराब तस्कर को भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और एक ट्रक के साथ गिरफ्तार किया गया है। बरामद शराब की कुल मात्रा 10,451.52 लीटर (1185 पेटी) है, जिसकी अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस को चकमा देने के लिए अपनाया शातिर तरीका :
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर सैयदराजा थाना क्षेत्र के अंतर्गत काले शाह बाबा की मजार (NH-19 हाईवे, उत्तरी लेन) के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान चन्दौली की तरफ से आ रहे एक संदिग्ध ट्रक को पुलिस ने रोक लिया। तलाशी के दौरान पुलिस भी हैरान रह गई। तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए ट्रक में आगे की तरफ लकड़ी के बुरादे की बोरियां लाद रखी थीं और उनके ठीक नीचे विभिन्न ब्रांडों की अवैध शराब की पेटियां छिपकर रखी गई थीं।
हरियाणा से बिहार खपाने की थी योजना :
पकड़े गए अभियुक्त की पहचान शेरा राम उर्फ सुरेश कुमार (पुत्र बाला राम, निवासी- टाकुबेरी, थाना सिन्धारी, बाड़मेर, राजस्थान) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह महज 1 लाख रुपये के लालच में पानीपत (हरियाणा) के पास से किसी अज्ञात व्यक्ति से यह शराब से भरा ट्रक लेकर चला था और इसे बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था।
भारी मात्रा में विभिन्न ब्रांड्स की शराब बरामद :
पुलिस द्वारा की गई जब्ती में किंग्स गोल्ड, इम्पीरियल ब्लू, मैकडॉवेल, पार्टी स्पेशल और सुपर जुबली जैसे कई नामी ब्रांड्स की कुल 1185 पेटियां शामिल हैं। शराब के साथ-साथ पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त अशोक लेलैंड ट्रक (सं0 MH 18 BZ 7720), एक आईफोन 15, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पीली धातु का लॉकेट और नकद रुपये बरामद किए हैं।
थाना सैयदराजा पर अभियुक्त के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस सिंडिकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और यह खेप हरियाणा में किसे दी जानी थी तथा बिहार में किसे पहुंचाई जानी थी। इस बड़ी कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

यह वेबसाइट (The News Times) “Umesh Kumar” द्वारा स्थापित की गई है, एक प्रमुख समाचार रिपोर्टर, अपने दृढ़ संवादों और राजनीतिक विवेचनाओं के लिए पहचाना जाता हूँ। वर्ष 2011 से पत्रकारिता करियर में हमने अनेक महत्वपूर्ण समाचार संस्थानों (प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं वेब मीडिया) में कवरेज किया है, जो समाज के अहम मुद्दों पर रोशनी डालती हैं। देश, विदेश, अपराध और राजनीति की खबरों में रुचि रखता हूँ। डिजिटल पत्रकारिता की सर विधा को सीखने की लगन है। आगे भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करता रहूँ, इसके लिए आपके स्नेह के लिए आभारी हूँ।”



