| The News Times | न्यूज़ डेस्क : एशियन गेम्स 2026 में देश का मान बढ़ाने वाली स्टार भारतीय मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन स्वर्ण पदक (Gold Medal) जीतकर स्वदेश लौट आई हैं। महिलाओं की 75 किलोग्राम भार वर्ग में पीला तमगा हासिल करने के बाद दिल्ली पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। अपने शानदार प्रदर्शन और ऐतिहासिक जीत से गदगद लवलीना ने कहा कि यह पदक उनके लिए बेहद खास है, क्योंकि यह जीत उन्हें उनके जन्मदिन के दिन मिली।
स्वदेश लौटने के बाद अपनी खुशी जाहिर करते हुए लवलीना ने कहा, “मैं अपने प्रदर्शन से बहुत खुश हूं। ये मेडल मेरे लिए बहुत खास है। ये जीत मुझे मेरे जन्मदिन के दिन मिली जो मेरे लिए एक बहुत बड़ी बात थी। अपने देश आकर, अपने लोगों से मिलकर मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। इस भावना को शब्दों में बया नहीं किया जा सकता।” उन्होंने अपनी एकाग्रता के बारे में बताते हुए कहा कि रिंग में उतरने के बाद उनके दिमाग में सिर्फ और सिर्फ जीत का लक्ष्य था और उन्होंने इसके अलावा और किसी चीज के बारे में नहीं सोचा था।
कॉमनवेल्थ की कसक को गोल्ड में बदला :
अपनी पिछली प्रतियोगिताओं को याद करते हुए लवलीना ने साझा किया कि राष्ट्रमंडल खेलों (Commonwealth Games) में वह बहुत कम अंकों से स्वर्ण पदक चूक गई थीं और उन्हें रजत (Silver) से संतोष करना पड़ा था। उस कसक का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “कॉमनवेल्थ गेम्स में मैं थोड़े पॉइंट्स से रह गई थी। तब मैं गोल्ड नहीं ला पाई थी और मैंने सिल्वर मेडल जीता था… लेकिन इस बार मुझे हर हाल में जीतना ही था।”
राष्ट्रगान के वक्त का वह खास पल :
पोडियम पर खड़े होने के क्षण को अपने जीवन का सबसे यादगार पल बताते हुए भारतीय मुक्केबाज ने कहा, “जब मैं पोडियम पर थी और राष्ट्रीय गान बज रहा था, तो वह मेरे लिए बेहद भावुक और खास क्षण था।” लवलीना की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे देश में जश्न का माहौल है और खेल प्रेमियों व जानकारों का मानना है कि उनका यह प्रदर्शन आने वाले युवा खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बनेगा।

यह वेबसाइट (The News Times) “Umesh Kumar” द्वारा स्थापित की गई है, एक प्रमुख समाचार रिपोर्टर, अपने दृढ़ संवादों और राजनीतिक विवेचनाओं के लिए पहचाना जाता हूँ। वर्ष 2011 से पत्रकारिता करियर में हमने अनेक महत्वपूर्ण समाचार संस्थानों (प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं वेब मीडिया) में कवरेज किया है, जो समाज के अहम मुद्दों पर रोशनी डालती हैं। देश, विदेश, अपराध और राजनीति की खबरों में रुचि रखता हूँ। डिजिटल पत्रकारिता की सर विधा को सीखने की लगन है। आगे भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करता रहूँ, इसके लिए आपके स्नेह के लिए आभारी हूँ।”



