| The News Times | चन्दौली : पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (मुगलसराय) स्टेशन परिसर के बाहर पारिवारिक विवाद को लेकर एक बुजुर्ग महिला और उनके पति के साथ जमकर मारपीट का मामला सामने आया है। कोलकाता से डीडीयू नगर (मुगलसराय) पहुंची 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने अपनी बहू, उसके माता-पिता और भाइयों पर लात-घूंसों, चप्पलों, पाइप और ईंट से पीटने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार नामजद समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कोलकाता निवासी पीड़िता हसने आरा ने बताया कि उनके इकलौते बेटे अयाज सिद्दीकी का विवाह 11 दिसंबर 2025 को चंदौली के गोधना निवासी मन्तसा परवीन के साथ हुआ था। शादी के बाद से ही दोनों परिवारों के बीच मनमुटाव और विवाद चल रहा था। विवाद न सुलझने पर बहू अपने मायके चली गई और वापस लौटने से मना कर दिया।
पीड़िता के मुताबिक, बीते 9 अक्टूबर को दोनों पक्षों के बीच समझौते को लेकर बातचीत हुई थी, जिसमें कुछ बिंदुओं पर सहमति बन गई थी। इसके बाद 23 अक्टूबर को हसने आरा अपने 70 वर्षीय पति और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुगलसराय पहुंची थीं।
आरोप है कि जैसे ही वे मुगलसराय रेलवे स्टेशन के बाहर पहुंचे, पहले से घात लगाकर मौजूद बहू, उसके माता-पिता, तीन भाइयों और दो अज्ञात लोगों ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने बुजुर्ग महिला को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों व चप्पलों से पीटना शुरू कर दिया। जब उनके 70 वर्षीय पति और भाई बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपियों ने उन पर भी पाइप और ईंट से हमला कर दिया। इस मारपीट में बुजुर्ग दंपति और उनके भाई को गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई और तहरीर दी। पुलिस का कहना है कि पीड़िता की शिकायत पर नामजद व अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की छानबीन की जा रही है।

यह वेबसाइट (The News Times) “Umesh Kumar” द्वारा स्थापित की गई है, एक प्रमुख समाचार रिपोर्टर, अपने दृढ़ संवादों और राजनीतिक विवेचनाओं के लिए पहचाना जाता हूँ। वर्ष 2011 से पत्रकारिता करियर में हमने अनेक महत्वपूर्ण समाचार संस्थानों (प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं वेब मीडिया) में कवरेज किया है, जो समाज के अहम मुद्दों पर रोशनी डालती हैं। देश, विदेश, अपराध और राजनीति की खबरों में रुचि रखता हूँ। डिजिटल पत्रकारिता की सर विधा को सीखने की लगन है। आगे भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करता रहूँ, इसके लिए आपके स्नेह के लिए आभारी हूँ।”



