Chandauli: Risk of accidents due to lack of road shoulders; sit-in protest demanding roadside construction.

चन्दौली : पटरी के अभाव में हादसों का खतरा, सड़क किनारे निर्माण की मांग को लेकर धरना

उत्तर प्रदेश
  • सैयदराजा-गाजीपुर मार्ग पर दर्जनों मौतों का दावा, 15 दिन में काम शुरू नहीं हुआ तो अनिश्चितकालीन आंदोलन

| The News Times | धीना : एनएच-24 सैयदराजा-गाजीपुर मार्ग के चौड़ीकरण के बाद सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ और पटरी का निर्माण नहीं होने से राहगीरों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आए दिन मोटरसाइकिल सवारों और पैदल चलने वालों को वाहनों की टक्कर से हादसों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व विधायक एवं सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज कुमार सिंह डब्लू ने वर्ष 2026 में सड़क दुर्घटनाओं में दर्जनों लोगों की मौत होने का दावा किया। वहीं, एक दर्जन से अधिक पशुओं की भी हादसों में घायल होने के बाद मौत होने की बात कही। इस समस्या को लेकर सोमवार को बरहनी विकासखंड के कजरा गांव में उन्होंने एक दिवसीय धरना दिया।

IMG-20250224-WA0008
previous arrow
next arrow
Shadow

धरना सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक चला। इसमें बड़ी संख्या में महिला और पुरुष ग्रामीण शामिल हुए। धरनास्थल पर पहुंचे नायब तहसीलदार आलोक निषाद ने एनएच-24 के परियोजना निदेशक से फोन पर वार्ता की। एनएच-24 के पदाधिकारी कृष्णकांत और तहसीलदार ने धरनारत लोगों से मांगपत्र भी प्राप्त किया। नायब तहसीलदार ने अपने मोबाइल फोन से अधिशासी अभियंता से भी वार्ता कराई।

इस दौरान अधिशासी अभियंता ने एक सप्ताह के भीतर सड़क के दोनों तरफ पटरी निर्माण शुरू कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने विभाग को 15 दिन का समय देते हुए चेतावनी दी कि 23 तारीख तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। इसके लिए बड़े आंदोलन की तैयारी की जाएगी।

पूर्व विधायक ने कहा कि सड़क किनारे पटरी नहीं होने से पैदल राहगीरों और बाइक सवारों की जान खतरे में है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सड़क के दोनों तरफ पटरी का निर्माण जरूरी है। ग्रामीणों ने भी विभाग से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।

धरने में दयाराम यादव, दुलारे यादव, इंद्रजीत, नरेंद्र कुमार, राजेश, जेपी यादव, महेंद्र, अवधेश यादव, किशोरी, सविता देवी, छाया कुमारी, मुन्नी देवी, तारा देवी और ऋतु राय सहित कई दर्जन महिला-पुरुष मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कंदवा थाने के कार्यवाहक थानाध्यक्ष सहित करीब एक दर्जन पुलिसकर्मी तैनात रहे। अब ग्रामीणों को विभाग के आश्वासन पर अमल होने का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *