| The News Times | मुगलसराय : जनपद में अपराधियों और वांछितों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत अलीनगर थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस टीम ने खजूर गांव में हुई फायरिंग और जानलेवा हमले की घटना में संलिप्त तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए बदमाशों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।
क्रिकेट का विवाद और ‘लव ट्रायंगल’ बना वारदात की वजह :
पुलिस पूछताछ में इस पूरे मामले के पीछे की हैरान कर देने वाली कहानी सामने आई है। गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि आरोपी रवि किशन यादव की दोस्ती गांव की ही एक लड़की से थी। कुछ समय से उस लड़की की बातचीत खजूर गांव के रहने वाले रितेश पासवान से होने लगी, जिससे नाराज होकर रवि किशन और रितेश के बीच रंजिश शुरू हो गई। इसके अलावा इनके बीच पहले क्रिकेट खेलने के दौरान भी विवाद हुआ था।
छत पर चढ़कर मारी थी गोली, बिहार में काटी फरारी :
17 मई को दुर्गा पोखरे के पास जब आरोपी मौजूद थे, तब फोन पर रितेश से उनकी तीखी बहस हुई। इसके बाद गुस्से में आकर अंकित यादव, रवि किशन, विक्की और मृत्युंजय दो बुलेट मोटरसाइकिलों पर सवार होकर खजूर गांव स्थित रितेश पासवान के घर पहुँच गए। जब रितेश घर के बाहर नहीं आया और छत से ही बहस करने लगा, तो साथियों के उकसाने पर अंकित यादव ने रितेश पर जान से मारने की नीयत से सीधे फायर झोंक दिया। हालांकि, रितेश बाल-बाल बच गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पुलिस से बचने के लिए बिहार के बक्सर जिला स्थित राजपुर के कोचाड़ी गांव में छिप गए थे।
चंदरखा अंडरपास के पास से घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी :
शनिवार, 23 मई को अलीनगर पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि घटना में शामिल बदमाश कहीं भागने की फिराक में हैं। इस सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने ददवापर नहर पुलिया (चंदरखा अंडरपास) के पास घेराबंदी कर तीनों नामजद आरोपियों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान अभियुक्त रवि किशन के पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण :
1. अंकित यादव (20 वर्ष) – निवासी ग्राम नाथुपुर, थाना मुगलसराय, चंदौली।
2. मृत्युंजय मौर्या उर्फ गुल्लू (20 वर्ष) – निवासी रस्तापुर (भीटी), थाना रामनगर, वाराणसी।
3. रवि किशन यादव (20 वर्ष) – निवासी ग्राम नाथुपुर, थाना मुगलसराय, चंदौली।
अलीनगर पुलिस टीम की कार्रवाई :
आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दर्ज मुकदमे (मु.अ.सं. 302/26) में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61 और 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी कर दी है। इस मामले का अनावरण करने वाली टीम में अलीनगर प्रभारी निरीक्षक घनश्याम, जफरपुर चौकी प्रभारी सतीश चन्द्र सिंह, उप-निरीक्षक गिरीश चन्द्र राय, हेड कांस्टेबल प्रदुम्मन द्विवेदी, रामराज और इन्द्रजीत यादव शामिल रहे।

यह वेबसाइट (The News Times) “Umesh Kumar” द्वारा स्थापित की गई है, एक प्रमुख समाचार रिपोर्टर, अपने दृढ़ संवादों और राजनीतिक विवेचनाओं के लिए पहचाना जाता हूँ। वर्ष 2011 से पत्रकारिता करियर में हमने अनेक महत्वपूर्ण समाचार संस्थानों (प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं वेब मीडिया) में कवरेज किया है, जो समाज के अहम मुद्दों पर रोशनी डालती हैं। देश, विदेश, अपराध और राजनीति की खबरों में रुचि रखता हूँ। डिजिटल पत्रकारिता की सर विधा को सीखने की लगन है। आगे भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करता रहूँ, इसके लिए आपके स्नेह के लिए आभारी हूँ।”




