| The News Times | चंदौली : जनपद में गो-तस्करों एवं वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलुआ पुलिस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गो-तस्करी के मुकदमे में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त राहुल यादव को लक्ष्मणगढ़ चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी पुलिस से बचने के लिए मुंबई भाग गया था और घर लौटते ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
मुंबई भाग गया था आरोपी, वकील से मिलने जाते समय पकड़ा गया :
बलुआ थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गो-तस्करी के मामले में वांछित और इनामी बदमाश राहुल यादव लक्ष्मणगढ़ चौराहे के पास मौजूद है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
पूछताछ के दौरान पकड़े गए अभियुक्त राहुल यादव (निवासी ग्राम नादी, थाना बलुआ) ने बताया कि बीते 15 मार्च 2026 को वह अपने दो अन्य साथियों सादिक अंसारी और सार्जन शाह के साथ पिकअप वाहन में गोवंश लादकर वध के लिए बिहार ले जा रहा था। सरौली के पास पुलिस को देखकर उसके साथी पकड़े गए थे, जबकि वह गेहूं के खेत का फायदा उठाकर भाग निकला था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह मुंबई चला गया था। हाल ही में वापस लौटकर अपने वकील से मिलने जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आपराधिक इतिहास व कानूनी कार्रवाई :
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त राहुल यादव के खिलाफ थाना बलुआ में गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता अधिनियम के तहत पूर्व में भी मामले दर्ज हैं। बलुआ पुलिस द्वारा अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेजा जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, मारूफपुर चौकी प्रभारी अमित सिंह, उप-निरीक्षक धर्मदेव यादव सहित अन्य हमराही जवान शामिल रहे।

यह वेबसाइट (The News Times) “Umesh Kumar” द्वारा स्थापित की गई है, एक प्रमुख समाचार रिपोर्टर, अपने दृढ़ संवादों और राजनीतिक विवेचनाओं के लिए पहचाना जाता हूँ। वर्ष 2011 से पत्रकारिता करियर में हमने अनेक महत्वपूर्ण समाचार संस्थानों (प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं वेब मीडिया) में कवरेज किया है, जो समाज के अहम मुद्दों पर रोशनी डालती हैं। देश, विदेश, अपराध और राजनीति की खबरों में रुचि रखता हूँ। डिजिटल पत्रकारिता की सर विधा को सीखने की लगन है। आगे भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करता रहूँ, इसके लिए आपके स्नेह के लिए आभारी हूँ।”




