- कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक संपन्न, डाटा फीडिंग में लापरवाही पर ‘जीरो टॉलरेंस’ का अल्टीमेटम,
- निर्माण कार्यों की धीमी चाल पर पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड पर जताई नाराजगी,
- दी कार्रवाई की चेतावनी
| The News Times | चंदौली : कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, प्रशासनिक व्यवस्था और विकास कार्यों की बिंदुवार समीक्षा बैठक आयोजित की गई। समीक्षा के दौरान सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में ‘B’ और ‘C’ ग्रेड आने की आशंका से घिरे विभागाध्यक्षों को जिलाधिकारी ने कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने साफ लहजे में हिदायत दी कि सरकारी योजनाओं और विभागीय कार्यों में शिथिलता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डाटा फीडिंग में ढिलाई पर ‘जीरो टॉलरेंस’ :
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि समय पर पोर्टल पर डाटा फीड न करना सीधे तौर पर जवाबदेही से भागना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि डाटा अपडेट करने में लापरवाही कतई क्षम्य नहीं होगी। जिन विभागों का प्रदर्शन खराब पाया गया या जिनके ग्रेड गिरने की संभावना है, उनके अधिकारियों को तत्काल सुधार के कड़े निर्देश दिए गए।
पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड को सख्त चेतावनी :
निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान चालू वित्तीय वर्ष में आवंटित महत्वपूर्ण सड़कों, पुलों और सार्वजनिक भवनों की प्रगति बेहद कम पाए जाने पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) प्रांतीय खंड पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने चेतावनी दी कि तय समयावधि और बजट के बावजूद निर्माण कार्यों की गति में तत्काल सुधार नहीं लाया गया, तो जिम्मेदार अधिकारियों व कार्यदायी संस्थाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आईजीआरएस और जीरो पॉवर्टी अभियान की गहन समीक्षा :
बैठक में जनसुनवाई (आईजीआरएस) पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा ‘जीरो पॉवर्टी’ अभियान के तहत पात्र परिवारों को चिन्हित कर योजनाओं से संतृप्त करने, आकांक्षात्मक ब्लॉक-जनपद के मानकों में सुधार लाने तथा गोल्डन कार्ड व फैमिली आईडी बनाने के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। लंबित अनुशासनात्मक मामलों को समय सीमा के भीतर निपटाने का भी आदेश दिया गया।
कागजी खानापूरी की तो होगी कार्रवाई :
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर काम करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का असर धरातल पर दिखना चाहिए। कागजी खानापूरी करने वाले अफसरों के खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में ये रहे मौजूद :
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, प्रभागीय वनाधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, डीसी मनरेगा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, उप कृषि निदेशक, अधिशासी अभियंता चंद्रप्रभा व प्रांतीय खंड, जिला उद्यान अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।

यह वेबसाइट (The News Times) “Umesh Kumar” द्वारा स्थापित की गई है, एक प्रमुख समाचार रिपोर्टर, अपने दृढ़ संवादों और राजनीतिक विवेचनाओं के लिए पहचाना जाता हूँ। वर्ष 2011 से पत्रकारिता करियर में हमने अनेक महत्वपूर्ण समाचार संस्थानों (प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं वेब मीडिया) में कवरेज किया है, जो समाज के अहम मुद्दों पर रोशनी डालती हैं। देश, विदेश, अपराध और राजनीति की खबरों में रुचि रखता हूँ। डिजिटल पत्रकारिता की सर विधा को सीखने की लगन है। आगे भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करता रहूँ, इसके लिए आपके स्नेह के लिए आभारी हूँ।”




