| The News Times |चंदौली : अलीनगर थाना क्षेत्र के एकौनी गांव में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पानी की टंकी के पास बाउंड्री के अंदर एक अज्ञात युवक का जला हुआ शव बरामद हुआ। शव की हालत देखकर स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। प्रथम दृष्टया यह मामला बेरहमी से की गई हत्या का लग रहा है, जिसमें साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को जला दिया गया।
ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना :
गुरुवार की सुबह जब ग्रामीण पानी की टंकी की ओर गए, तो बाउंड्री के भीतर एक जला हुआ शव पड़ा देख उनके होश उड़ गए। तत्काल इसकी सूचना जफरपुर चौकी को दी गई। सूचना मिलते ही अलीनगर थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
पहचान छिपाने के लिए शव को जलाया :
मृतक युवक की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है। हमलावरों ने युवक की हत्या करने के बाद उसे किसी ज्वलनशील पदार्थ से जला दिया ताकि उसकी पहचान न हो सके। हालांकि, चेहरे का कुछ हिस्सा सुरक्षित होने के कारण पुलिस शिनाख्त की कोशिश कर रही है। घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं।
पुलिस की कार्रवाई और जांच :
सीओ अरुण सिंह ने बताया कि शव की पहचान के लिए जनपद के सभी थानों के साथ-साथ पड़ोसी जिलों में भी मृतक की फोटो भेजी गई है। इसके अलावा हाल के दिनों में दर्ज हुई गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान किया जा रहा है। पुलिस गांव के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है ताकि मामले में कोई सुराग मिल सके। पुलिस की टीमें जांच में लगाई गईं हैं।

यह वेबसाइट (The News Times) “Umesh Kumar” द्वारा स्थापित की गई है, एक प्रमुख समाचार रिपोर्टर, अपने दृढ़ संवादों और राजनीतिक विवेचनाओं के लिए पहचाना जाता हूँ। वर्ष 2011 से पत्रकारिता करियर में हमने अनेक महत्वपूर्ण समाचार संस्थानों (प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं वेब मीडिया) में कवरेज किया है, जो समाज के अहम मुद्दों पर रोशनी डालती हैं। देश, विदेश, अपराध और राजनीति की खबरों में रुचि रखता हूँ। डिजिटल पत्रकारिता की सर विधा को सीखने की लगन है। आगे भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करता रहूँ, इसके लिए आपके स्नेह के लिए आभारी हूँ।”




