| The News Times | चंदौली/बबुरी : जनपद के बबुरी थाना क्षेत्र में एक महीने पहले हुई ‘आत्महत्या’ की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। जिसे दुनिया खुदकुशी समझ रही थी, वह दरअसल एक सोची-समझी खूनी साजिश थी। अवैध संबंधों में बाधा बन रहे पति को पत्नी ने अपने ननदोई के साथ मिलकर मौत के घाट उतार दिया और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को फांसी पर लटका दिया।
पुलिस अधीक्षक (SP) आकाश पटेल के निर्देशन में बबुरी पुलिस ने इस अंधे कत्ल का सफल अनावरण करते हुए आरोपी पत्नी और उसके ननदोई को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
बाटी-चोखा, विवाद और आधी रात को कत्ल :
पुलिस पूछताछ में जो कहानी सामने आई, वह किसी थ्रिलर फिल्म से कम नहीं है। 28 फरवरी की रात आरोपी ननदोई रामजनम अपनी सरहज राम दुलारी के घर आया था। घर पर बाटी-चोखा बना और सबने साथ भोजन किया। इसी दौरान मृतक राजवंश और रामजनम के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसे उस वक्त शांत कर दिया गया।
आधी रात को जब राजवंश सो गया, तब रामजनम और राम दुलारी के बीच अवैध संबंध बने। इसी बीच राजवंश की आंख खुल गई और उसने दोनों को आपत्तिजनक अवस्था में देख लिया। पकड़े जाने के डर और विरोध के चलते रामजनम और राम दुलारी ने मिलकर राजवंश का गला घोंट दिया और फिर रस्सी के सहारे शव को कुंडे से लटका दिया ताकि मामला आत्महत्या लगे।
मासूम बनकर रचा था खुदकुशी का नाटक :
अगली सुबह पत्नी राम दुलारी ने जोर-जोर से रोने और शोर मचाने का नाटक किया, जिससे पड़ोसियों को लगे कि राजवंश ने खुदकुशी की है। इतना ही नहीं, अपनी साजिश को और गहरा करने के लिए इन लोगों ने एक निर्दोष व्यक्ति (रविन्द्र यादव) को फंसाने की भी योजना बनाई थी। उन्होंने पुलिस को तहरीर दी कि भूमि विवाद के चलते रविन्द्र की धमकियों से परेशान होकर राजवंश ने जान दी है। इनका मकसद न केवल खुद को बचाना था, बल्कि झूठे केस के जरिए आर्थिक लाभ कमाना भी था।
सर्विलांस और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों ने खोला राज :
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी आकाश पटेल ने टीम गठित की थी। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और सर्विलांस सेल की मदद ली। मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स ने आरोपियों के झूठ की परतें उधेड़ दीं। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों टूट गए और अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त रस्सी भी बरामद कर ली है।

यह वेबसाइट (The News Times) “Umesh Kumar” द्वारा स्थापित की गई है, एक प्रमुख समाचार रिपोर्टर, अपने दृढ़ संवादों और राजनीतिक विवेचनाओं के लिए पहचाना जाता हूँ। वर्ष 2011 से पत्रकारिता करियर में हमने अनेक महत्वपूर्ण समाचार संस्थानों (प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं वेब मीडिया) में कवरेज किया है, जो समाज के अहम मुद्दों पर रोशनी डालती हैं। देश, विदेश, अपराध और राजनीति की खबरों में रुचि रखता हूँ। डिजिटल पत्रकारिता की सर विधा को सीखने की लगन है। आगे भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करता रहूँ, इसके लिए आपके स्नेह के लिए आभारी हूँ।”




