Good Work: Railway bridge worth Rs 3 lakh stolen under the influence of alcohol, a big success for RPF and CBI

Good Work : मदिरा पान के चक्कर में चुराया 3 लाख का रेलवे ब्रिज, RPF और CIB की बड़ी कामयाबी

उत्तर प्रदेश

| The News Times | पीडीडीयू नगर / सासाराम : रेलवे संपत्ति की सुरक्षा में तैनात RPF सासाराम, भभुआ आउटपोस्ट और CIB डीडीयू की संयुक्त टीम ने करीब दो महीने पुराने चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने कर्मनाशा स्टेशन के पास एक तालाब से चोरी किया गया BRN ब्रिज बरामद किया है, जिसकी कीमत 3 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जो बरामद माल को बेचने की फिराक में थे।

IMG-20250224-WA0008
previous arrow
next arrow
Shadow

मकर संक्रांति के समय हुई थी ‘बड़ी चोरी’ :
जानकारी के अनुसार, लगभग दो माह पूर्व कर्मनाशा स्टेशन पर सीमेंट स्लीपर बदलने वाली मशीन (TRM Rake) से एक भारी-भरकम BRN ब्रिज (TRT ब्रिज) चोरी हो गया था। इस संबंध में आरपीएफ पोस्ट सासाराम में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। आरपीएफ की टीम लगातार छापेमारी कर रही थी, जिससे डरे हुए चोरों ने माल को पास के ही एक तालाब में डुबोकर छुपा दिया था।

आधी रात को तालाब में मार रहे थे ‘गोता’, तभी दबोचे गए :
बीती रात (10/11 मार्च) आरपीएफ निरीक्षक सासाराम संजीव कुमार और निरीक्षक सीआईबी डीडीयू अर्जुन यादव को गुप्त सूचना मिली कि चोर माल को ठिकाने लगाने वाले हैं। पुलिस टीम ने कर्मनाशा स्टेशन के उत्तर स्थित नरमा गांव के पास तालाब के पास एम्बुश (घेराबंदी) लगाया। रात करीब 12:30 बजे तीन युवक अंधेरे में तालाब से लोहे का भारी सामान निकालते दिखे। जैसे ही पुलिस ने उन्हें ललकारा, वे भागने लगे, जिन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया गया।

गांजा और शराब के लिए किया था रेल संपत्ति का सौदा :
पकड़े गए आरोपियों की पहचान शशिकांत कुमार उर्फ खब्बी, छोटू पासवान (दोनों निवासी नरमा, कैमूर) और उज्ज्वल कुमार (निवासी घटाव, कुदरा) के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने कबूल किया कि उन्होंने यह चोरी गांजा और शराब पीने की मौज-मस्ती के लिए की थी। आरपीएफ की सख्ती के कारण उन्होंने माल को डेढ़ महीने तक तालाब में छुपाए रखा और मामला शांत होने का इंतजार कर रहे थे।

जीजा-साला मिलकर दे रहे थे चोरी को अंजाम :
गिरफ्तार अभियुक्तों में शशिकांत और उज्ज्वल आपस में जीजा-साला बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मौके पर ही कागजी कार्यवाही कर माल को जब्त कर लिया और तीनों को गिरफ्तार कर सासाराम पोस्ट ले आई है। आरोपियों को न्यायालय गया के समक्ष भेजा गया।

इस कार्यवाई के दौरान पोस्ट प्रभारी निरीक्षक सासाराम संजीव कुमार एवं निरीक्षक सीआईबी डीडीयू अर्जुन यादव के साथ ही अवर निरीक्षक राम जी लाल बुनकर ,आरक्षी अभिषेक कुमार ,आरक्षी कैंसर जमाल खान ,प्र आ अनिल हक खान सभी ओ पी भभुआ, स उ नि दिलीप कुमार, आरक्षी पंकज कुमार सिंह सभी रे सु ब पोस्ट सासाराम, सतीश कुमार,प्र आ विनोद कुमार, आ सुबेष राय, आ भीम कुमार ,आरक्षी अवधेश कुमार आदि मौजूद रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *