Chandauli: Young man sleeping in farmhouse shot dead, fearless criminals flee with DVR

Chandauli : फार्म हाउस में सो रहे युवक की गोली मारकर हत्या, DVR लेकर भागे बेखौफ बदमाश

उत्तर प्रदेश

| The News Times | चन्दौली (कन्दवा) : जनपद के कन्दवा थाना क्षेत्र अंतर्गत जलालपुर गांव में बृहस्पतिवार की दोपहर बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। इलाके के बड़े काश्तकार अजीत सिंह के छोटे पुत्र विशाल सिंह (27) की उनके फार्म हाउस पर सोते समय कनपटी पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद बदमाश साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर (DVR) भी साथ ले उड़े। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

IMG-20250224-WA0008
previous arrow
next arrow
Shadow

सोते समय बदमाशों ने मारी गोली :
जानकारी के अनुसार, विशाल सिंह अपने पिता की खेती-बारी का काम संभालते थे। बृहस्पतिवार की दोपहर करीब ढाई बजे वे गांव के बाहर स्थित अपने फार्म हाउस पर आराम कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावर वहां पहुँचे और सोते हुए विशाल की कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी। गोली की आवाज़ सुनकर जब तक फार्म हाउस के कर्मचारी मौके पर पहुँचे, विशाल दम तोड़ चुके थे और बदमाश खेतों के रास्ते फरार हो गए।

डीवीआर ले उड़े बदमाश, साक्ष्य मिटाने की कोशिश :
बदमाशों ने वारदात को पूरी योजना के साथ अंजाम दिया। पहचान छिपाने और पुलिस को सुराग न मिलने देने के लिए हत्यारे फार्म हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ उखाड़ ले गए। इससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि हत्यारे विशाल की गतिविधियों से पूरी तरह वाकिफ थे।

शव को कब्जे में लेने के लिए 3 घंटे तक चला ‘हाई वोल्टेज’ ड्रामा :
घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को शव उठाने से रोक दिया। कन्दवा, धीना और चन्दौली थाने की फोर्स के साथ सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित ग्रामीण हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी और उच्चाधिकारियों के बुलाने पर अड़े रहे। लगभग डेढ़ घंटे बाद एएसपी अनंत चंद्रशेखर पहुँचे, लेकिन बात नहीं बनी। अंततः करीब तीन घंटे बाद एसपी आदित्य लांग्हे ने मौके पर पहुँचकर परिजनों को निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।

जांच में जुटी फोरेंसिक टीम और पुलिस :
एसपी आदित्य लांग्हे ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है। इस हत्या के पीछे आपसी रंजिश है या कोई अन्य कारण, पुलिस इसकी हर पहलू से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *