- कोलकाता मेल एक्सप्रेस में दो संदिग्ध यात्री बैग में लेकर जा रहे थे नकदी
- वैध दस्तावेज नहीं दिखाने पर राजकीय रेलवे पुलिस-आरपीएफ की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
| The News Times | डीडीयू नगर : पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर राजकीय रेलवे पुलिस, आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने कोलकाता मेल एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे दो संदिग्ध यात्रियों के पास से 28 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद रकम के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब न मिलने पर रेलवे पुलिस ने मामले की सूचना तत्काल आयकर विभाग को दी। इसके बाद पूरी नकदी और दोनों संदिग्धों को आगे की विधिक कार्रवाई के लिए आयकर विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, रेलवे स्टेशन, सर्कुलेटिंग एरिया और ट्रेनों में अपराध नियंत्रण एवं संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए शुक्रवार को एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। यह कार्रवाई राजकीय रेलवे पुलिस डीडीयू प्रभारी के साथ निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक अनीता कुमारी तथा आरपीएफ सीआईबी प्रभारी निरीक्षक अर्जुन कुमार यादव के संयुक्त नेतृत्व में की जा रही थी। इसी दौरान यार्ड निरीक्षक पंकज कुमार ने सूचना दी कि ट्रेन संख्या 12322 (कोलकाता मेल एक्सप्रेस) के एस-3 कोच की सीट संख्या 41 और 43 पर सवार दो यात्री एक पिट्ठू बैग में भारी मात्रा में कैश लेकर जा रहे हैं।
संतोषजनक जवाब नहीं दे सके आरोपी :
सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने तत्काल ट्रेन में पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके बैग से 28 लाख रुपये नकद बरामद हुए। इतनी बड़ी रकम के संबंध में जब उनसे पूछताछ की गई, तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और न ही परिवहन से जुड़े कोई वैध कागजात प्रस्तुत कर पाए।
मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं दोनों युवक :
पकड़े गए दोनों संदिग्धों की पहचान राहुल सोनी (38 वर्ष), निवासी दामोहनाका, कोतवाली, जबलपुर (मध्य प्रदेश) तथा पुष्प कुमार उसरेटे (23 वर्ष), निवासी हनुमानताल, जबलपुर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। जीआरपी की सूचना पर वाराणसी से आई आयकर विभाग की टीम दोनों आरोपियों, बरामद नोटों की खेप और बैग को अपने साथ ले गई है। फिलहाल, आयकर विभाग की टीम नकदी के मुख्य स्रोत और उसके परिवहन की वैधता की गहनता से जांच कर रही है।

यह वेबसाइट (The News Times) “Umesh Kumar” द्वारा स्थापित की गई है, एक प्रमुख समाचार रिपोर्टर, अपने दृढ़ संवादों और राजनीतिक विवेचनाओं के लिए पहचाना जाता हूँ। वर्ष 2011 से पत्रकारिता करियर में हमने अनेक महत्वपूर्ण समाचार संस्थानों (प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं वेब मीडिया) में कवरेज किया है, जो समाज के अहम मुद्दों पर रोशनी डालती हैं। देश, विदेश, अपराध और राजनीति की खबरों में रुचि रखता हूँ। डिजिटल पत्रकारिता की सर विधा को सीखने की लगन है। आगे भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करता रहूँ, इसके लिए आपके स्नेह के लिए आभारी हूँ।”




