Major Reshuffle in Chandauli Police: SP Akash Patel Cracks the Whip—2 Policemen Suspended, Inquiry Ordered Against 6 Others.

चंदौली पुलिस में भारी फेरबदल: एसपी आकाश पटेल का चला हंटर, 2 पुलिसकर्मी सस्पेंड, 6 पर जांच के आदेश

उत्तर प्रदेश

| The News Times | चंदौली : जनपद की कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए नवागत पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। कर्तव्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने वाले पुलिसकर्मियों को कड़ा संदेश देते हुए एसपी ने बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के तहत दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया गया है, जबकि यातायात शाखा के 6 कर्मियों के विरुद्ध जांच के आदेश दिए गए हैं।

IMG-20250224-WA0008
previous arrow
next arrow
Shadow

इन पर गिरी निलंबन की गाज :

  1. मुख्य आरक्षी संतोष यादव (चौकी दुल्हीपुर, थाना मुगलसराय) : संतोष यादव पर आरोप है कि वे अपने क्षेत्र में अवैध जुआ संचालन और तस्करी रोकने में पूरी तरह विफल रहे। बार-बार चेतावनी मिलने के बावजूद उनकी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ, जिसके चलते एसपी ने उन्हें सस्पेंड कर दिया।
  2. उपनिरीक्षक राम प्यारे चौधरी (थाना सैयदराजा) : दरोगा राम प्यारे चौधरी पर अपराधियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई न करने, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी में ढिलाई बरतने और विवेचनाओं में उदासीनता दिखाने के गंभीर आरोप लगे हैं। उच्चाधिकारियों को सूचना न देने की वजह से उन्हें भी निलंबित कर दिया गया है।

गौ-तस्करी और हाईवे पेट्रोलिंग में बड़ी लापरवाही :
हाईवे पर गौ-तस्करी रोकने में नाकाम रहने और संदिग्ध भूमिका होने पर यातायात शाखा के 6 पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। थाना पुलिस ने तो गौ-तस्करों पर कार्रवाई की, लेकिन हाईवे पेट्रोलिंग पर तैनात कर्मियों ने इस संबंध में कोई सूचना नहीं दी। इस ‘संदेहास्पद चुप्पी’ को गंभीरता से लेते हुए TSI उमाशंकर यादव और TSI मनोज कुमार सिंह समेत अन्य कर्मियों की भूमिका की जांच की जा रही है।

“ढिलाई बर्दाश्त नहीं” – एसपी का सख्त अल्टीमेटम :
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि जिले में कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी है कि जो भी अधिकारी या कर्मचारी अपने दायित्वों के प्रति गंभीर नहीं है, उसके विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार की कठोर दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।

जनता में भरोसा, महकमे में हड़कंप :
एसपी की इस त्वरित कार्रवाई से जहां आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है, वहीं विभाग के भीतर कामचोर और लापरवाह पुलिसकर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है। जिले में पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह और सक्रिय बनाने के लिए यह एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *