| The News Times | चंदौली/मुगलसराय : जनपद की मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने 1 अप्रैल को कुरहना अंडरपास के समीप हुई सनसनीखेज लूट की घटना का सफल अनावरण किया है। इस मामले में पुलिस ने मास्टरमाइंड चालक और उसके सगे भाई सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक (SP) आकाश पटेल ने रविवार को इस पूरी साजिश का पर्दाफाश करते हुए बताया कि अपनों की गद्दारी के कारण ही इस लूट को अंजाम दिया गया था।
पेशाब करने के बहाने रोकी गाड़ी, फिर दी वारदात को अंजाम :
एसपी आकाश पटेल के अनुसार, लूट की इस पूरी कहानी की पटकथा बीज व्यापारी रवींद्र कुमार के मैजिक चालक रोहित पटेल ने लिखी थी। 1 अप्रैल को जब रोहित अपने मालिक के साथ वापस लौट रहा था, तो उसे पता था कि गाड़ी में बिक्री के लगभग 45 हजार रुपये रखे हैं।
रोहित ने इसकी सूचना अपने सगे भाई बिपिन पटेल को दी। योजना के मुताबिक, जैसे ही गाड़ी कुरहना अंडरपास के पास पहुंची, रोहित ने सर्विस लेन पर पेशाब करने के बहाने गाड़ी रोक दी। तभी मोटरसाइकिल से बिपिन पटेल, आकाश पटेल और विशाल पटेल वहां पहुंचे और तलवार दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
सगे भाई निकले लुटेरे, 4 गिरफ्तार :
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर रविवार दोपहर ‘इंडियन इंस्टीट्यूट’ के पास से चारों अभियुक्तों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शामिल रोहित और बिपिन आपस में सगे भाई हैं। पुलिस ने इनके पास से निम्नलिखित सामान बरामद किया है:
- नगद: 23 हजार रुपये (लूट की राशि का हिस्सा)।
- हथियार: घटना में प्रयुक्त एक तलवार।
- अन्य: एक लॉकेट और दो मोबाइल फोन।
पुलिस टीम की तत्परता :
घटना के खुलासे के बाद एसपी आकाश पटेल ने पुलिस टीम की सराहना की। उन्होंने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई से अपराधियों के बीच कड़ा संदेश गया है कि किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

यह वेबसाइट (The News Times) “Umesh Kumar” द्वारा स्थापित की गई है, एक प्रमुख समाचार रिपोर्टर, अपने दृढ़ संवादों और राजनीतिक विवेचनाओं के लिए पहचाना जाता हूँ। वर्ष 2011 से पत्रकारिता करियर में हमने अनेक महत्वपूर्ण समाचार संस्थानों (प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं वेब मीडिया) में कवरेज किया है, जो समाज के अहम मुद्दों पर रोशनी डालती हैं। देश, विदेश, अपराध और राजनीति की खबरों में रुचि रखता हूँ। डिजिटल पत्रकारिता की सर विधा को सीखने की लगन है। आगे भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करता रहूँ, इसके लिए आपके स्नेह के लिए आभारी हूँ।”




