Kushinagar : दर्दनाक हादसे में 13 लोगों की मौत, पीएम ने परिजनों के प्रति की संवेदना व्यक्त

कुशीनगर। यूपी के कुशीनगर में बुधवार की रात एक बड़ा हादसा हो गया। एक मांगलिक कार्यक्रम में हल्दी की रस्म के दौरान अचानक स्लैब टूटने से करीब 30 से ज्यादा महिलाएं -लड़कियां कुएं में गिर गईं। घटना में बच्चियों व महिलाओं समेत कुल 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे में घायल कई लोगों की हालत गंभीर है।
ये है पूरा मामला :
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र का है। नौरंगिया स्कूल टोला के रहने वाले परमेश्वर कुशवाहा के यहां शादी समारोह के तहत मटिकोड (हल्दी रस्म) का कार्यक्रम था। देर रात 50-60 महिलाएं और लड़कियां गांव के बीच में बने पुराने कुएं के पास खड़ी थीं। कुएं को लोहे की जाली से ढका गया था। इसी दौरान लोहे की जाली टूट गई। जिससे करीब 30 महिलाएं और लड़कियां कुएं में गिर गईं।
कई थानों की फोर्स मौके थी मौजूद :
मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहंची कई थानों की फोर्स पहुँच कर राहत और बचाव कार्य में जुट गई है। कुएं से कई लोगों को निकाला गया है। बच्चों और महिलाओं की मौत की खबर से पूरे इलाके में कोहराम मच गया है। जिले के डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंचे हैं। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
पीएम ने की संवेदना व्यक्त :
वहीं पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर घटना में मृत लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त किया। उन्होंने लिखा है कि – उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में हुआ हादसा हृदयविदारक है। इसमें जिन लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है, उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। इसके साथ ही घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन हर संभव मदद में जुटा है।
ख़बत सुनकर मन को भारी दुख पहुँचा : प्रियंका
इसके अलावा प्रियंका गांधी ने भी ट्वीट कर संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा है कि – नौरंगिया, कुशीनगर में हुई दुर्घटना की खबर सुनकर मन को भारी दुख पहुंचा। मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं। ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि दुर्घटना में घायल लोगों को जल्द स्वास्थ्य लाभ मिले।