Chandauli : नगर में गंदगी का अंबार, संक्रमण फैलने का लोगों को सता रहा भय

चंदौली। नगर पालिका की लचर सफाई व्यवस्था के कारण नगर में गंदगी का अंबार लगा है। वहीं ओमिक्रोन के बढ़ते मामलों के कारण नगर के लोगों को संक्रमण फैलने का भी भय सताने लगा है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर पालिका क्षेत्र में कुल 25 वार्ड हैं। जिसकी सफाई के लिए लगभग तीन सौ सफाई कर्मी लगाए गए हैं। बावजूद इसके सफाई न होने के कारण नगर के ज्यादातर वार्डों में भारी गंदगी है। जिससे स्थानीय लोग परेशान है।
जनपद के मिनी महानगर पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर पालिका कार्यालय से महज कुछ ही दूर स्थित एलबीएस कटरे में प्रवेश करने वाले मार्ग पर भारी गंदगी का अंबार लगा है। हजारों लोग प्रतिदिन इसी गंदगी भरे रास्ते से होकर गुजरते हैं। वहीं स्थानीय लोगों को भी इससे निकलने वाली बदबू से काफी परेशानी होती है। इसके बाद भी नगर पालिका प्रशासन की आंखें नहीं खुल रही है।
वहीं कोरोना काल को देखते हुए डब्ल्यूएचओ ने गाइडलाइन जारी की थी कि लोग सफाई का विशेष ध्यान रखें। जिससे संक्रमण फैलने का खतरा कम रहेगा। लेकिन नगर पालिका प्रशासन की लचर सफाई व्यवस्था के कारण पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के ज्यादातर वार्डों में लोग गंदगी के कारण संक्रमण फैलने के भय के साए में जीने को मजबूर है।